पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। क्षेत्र के मैनपुर गांव स्थित काली मंदिर पर आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान कथा यज्ञ सप्ताह के चौथे दिन कथावाचक धरमदास महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य प्रसंग का संगीतमय वर्णन सुन श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए और पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा।
कथावाचक धरमदास महाराज ने कहा कि भगवान जन्म कथा का श्रवण एवं उसके आनंद में नृत्य करने से मनुष्य को सर्वोत्तम पुण्य की प्राप्ति होती है। भगवान श्रीकृष्ण का अवतार राक्षसों के संहार और धर्म की स्थापना के लिए हुआ था। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण सदैव लोककल्याण की भावना से अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं तथा सच्चे मन से उनकी आराधना करने वालों के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। कथा का श्रवण मात्र ही मानव के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।
कथा प्रारंभ होने से पूर्व यजमान विजय पांडेय एवं कौशलेन्द्र पांडेय ने अपनी धर्मपत्नी के साथ विधि-विधान से व्यासपीठ का पूजन-अर्चन कर कथा का शुभारंभ कराया। कथा के दौरान श्रद्धालु भगवान की लीलाओं का श्रवण कर भावविभोर हो गए और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। अंत में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं भगवान शिव के जयकारों के साथ कथा का रसपान किया।


