कमलेश
खमरिया खीरी:धौरहरा तहसील क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से धौरहरा के नायब तहसीलदार अखिलेश कुमार मौर्य ने शनिवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम बिरसिंहपुर, कबिरहा, भेड़हिया एवं ईसानगर में पहुंचकर जनगणना से जुड़े कर्मचारियों से जानकारी ली और अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की।
यही नही उन्होंने निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज की जाए, जिससे भविष्य में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की योजना बनाने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि शासन की नीतियों और योजनाओं की आधारशिला है, इसलिए इसमें लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। इससे अलावा संबंधित कर्मियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा डेटा संकलन में पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सही जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।


