पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव के मजरा बल्लीपुर के पास शनिवार को सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बल्लीपुर के पास सड़क किनारे एक युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान हेमंत कुमार (30) पुत्र रघुवर निवासी मोईयापुर, पोस्ट खंडवा, थाना परशुरामपुर, जनपद बस्ती के रूप में हुई।
बताया जाता है कि मृतक के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। अत्यधिक शराब सेवन की लत के कारण उसकी पत्नी रेनू भी उसे छोड़कर अलग रहने लगी थी। मृतक का एक चार वर्षीय पुत्री/बच्ची भी है। वह अक्सर इधर-उधर घूमकर अपना जीवनयापन करता था। करीब दस दिन पूर्व वह अपनी बहन पुष्पा के यहां आया था, जिसकी शादी मस्तराम निवासी दर्शनपुरवा, वैजलपुर थाना नवाबगंज के साथ हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर मृतक की पत्नी रेनू मौके पर पहुंची और शव की पहचान की। शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोल्हमपुर चौकी प्रभारी उमेश सिंह ने बताया कि मृतक युवक की शिनाख्त हो चुकी है। पत्नी द्वारा शव की पहचान कर ली गई है। मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई कर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मृतक के बहन-बहनोई सहित अन्य परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

