पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। गोंडा-अयोध्या मार्ग पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कटरा शिवदयालगंज स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने रविवार सुबह करीब 11 बजे नवाबगंज की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कूटी से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने युवक को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान आदर्श श्रीवास्तव (35) पुत्र अशोक कुमार निवासी ग्राम दर्जी, पोस्ट खरगूपुर, थाना खरगूपुर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह दर्जी पूर्वी काली मंदिर क्षेत्र का निवासी था।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कर उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।


