पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। तरबगंज-नवाबगंज मार्ग पर शनिवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के सिरसा गांव के सती पुरवा निवासी बोधे ने बताया कि उनका पुत्र कुलदीप उर्फ नंगू (22) गांव के प्रमोद (22) और विंदर (24) के साथ शनिवार रात दुर्जनपुर घाट से बाइक द्वारा घर लौट रहा था। रात करीब नौ बजे रामपुर और बल्लीपुर गांव के बीच सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
![]() |
| परिजनों में मचा कोहराम |
हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कुलदीप उर्फ नंगू को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रमोद और विंदर को प्राथमिक उपचार के बाद अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी हुई है।


