कमलेश
खमरिया खीरी। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खमरिया में तैयारियां शुरू हो गई हैं। अधीक्षक डॉ. अमित सिंह की अध्यक्षता में योग दिवस से पूर्व योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। जिसके अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक विजय कुमार ने अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं अन्य उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।
इस दौरान प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, धनुरासन, भुजंगासन, भ्रामरी प्राणायाम, कपालभाति एवं सूर्य नमस्कार का अभ्यास कर अधीक्षक डॉ. अमित सिंह ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मानसिक तनाव, मोटापा, जोड़ों के दर्द सहित कई बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में नियमित योग और प्राणायाम अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सकता है। वही कार्यक्रम में डॉ. आरबी गुप्ता, डॉ. इश्तियाक अहमद, डॉ. सत्यक वर्मा, फार्मासिस्ट फरहान, अजय कुमार, संतोष कुमार सहित अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।


