पं श्याम त्रिपाठी/ बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोंडा)। क्षेत्र की सिरसा कॉलोनी में पिछले चार दिनों से बाधित चल रही विद्युत आपूर्ति सोमवार को बहाल कर दी गई। लगातार बिजली न मिलने से क्षेत्र के करीब 50 परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
अवर अभियंता अरुण कुमार ने मोबाइल फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि सिरसा कॉलोनी में स्थापित ट्रांसफार्मर में लगातार तकनीकी खराबियां आने के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। पहले ट्रांसफार्मर जल जाने से उसे बदला गया, लेकिन इसके बाद नए ट्रांसफार्मर में तार चिपक जाने की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे बिजली आपूर्ति फिर बाधित हो गई।
उन्होंने बताया कि विभागीय कर्मचारियों ने लगातार चार दिनों तक कड़ी मेहनत करते हुए खराबी को दूर करने का प्रयास किया। सोमवार शाम करीब चार बजे क्षतिग्रस्त तारों को बदलकर विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह से सुचारु कर दिया गया।
बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद सिरसा कॉलोनी के लगभग 50 घरों में फिर से रोशनी लौट आई। भीषण गर्मी के बीच कई दिनों तक बिजली संकट झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली तथा विभागीय कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

