पं श्याम त्रिपाठी/जिंदर सरदार
नवाबगंज (गोंडा)। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को विकास खंड परिसर नवाबगंज में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रमापति शास्त्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि समेत अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विकास खंड परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। मेले में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष्मान भारत, समाज कल्याण विभाग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित कई विभागों ने अपने-अपने स्टॉल स्थापित किए हैं। इन स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया जा रहा है।
खंड विकास अधिकारी राम लगन वर्मा ने बताया कि यह जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला 16 जून तक आयोजित किया जाएगा। मेले में क्षेत्रीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
कार्यक्रम में वेदप्रकाश दुबे, जनार्दन प्रसाद तिवारी,रवि श्रीवास्तव, सतेंदर श्रीवास्तव, चंदन श्रीवास्तव,बाबी चौहान,पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. यू.पी. सिंह, सीडीपीओ रमा सिंह, एडीओ पंचायत नंद कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी रामचंद्र मौर्य, पवन कुमार निषाद, दिवाकर भारती, दिनेश कुमार शुक्ल, संजय कुमार, राजेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह जनकल्याण शिविर सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को सीधे लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



