श्याम त्रिपाठी/जगदम्बा प्रसाद
कोल्हमपुर/तरबगंज। महाराजा सुहेलदेव पासी के विजय दिवस समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के लोगों द्वारा गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रचार वाहन के माध्यम से नवाबगंज क्षेत्र के टिकरी, पर्वती, किशुनदासपुर सहित विभिन्न गांवों एवं मजरों में पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया।
समाज के जिला प्रचारक जगदंबा प्रसाद ने बताया कि महाराजा सुहेलदेव पासी का विजय दिवस 10 जून को उमरीबेगमगंज क्षेत्र के परशुरामपुर में धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव पासी भारतीय इतिहास के ऐसे वीर योद्धा थे जिन्होंने विदेशी आक्रमणकारियों के विरुद्ध संघर्ष कर देश और समाज की रक्षा की। उनका शौर्य, पराक्रम और त्याग आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
प्रचार अभियान के दौरान समाज के लोगों को विजय दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने का आह्वान किया गया। प्रचार वाहन के माध्यम से महाराजा सुहेलदेव पासी की वीरगाथा और उनके गौरवशाली इतिहास की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर राजकुमार पासी, मुकेश पासी, खुशीराम पासी, रामकेवल पासी, सहदेव पासी सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।


