केवटहिया मजरे में तेंदुए की दस्तक से मचा हड़कंप, वन विभाग ने कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
पं श्याम त्रिपाठी/ बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोंडा)। क्षेत्र की जैतपुर माझा ग्राम पंचायत के केवटहिया मजरे में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आबादी के करीब झाड़ियों में एक तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुए के गांव में पहुंचने की खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ काफी देर तक झाड़ियों में छिपा रहा, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि ग्रामीणों ने घबराने के बजाय साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाकर तेंदुए की घेराबंदी कर दी और जाल की मदद से उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही थाना नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई और भीड़ को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाली। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा झाड़ियों में तेंदुए के देखे जाने की सूचना दी गई थी। मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रखी गई तथा वन विभाग को तत्काल सूचना दी गई।
कुछ ही देर में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तेंदुए को नहीं पकड़ा जाता तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था। फिलहाल तेंदुए के सुरक्षित पकड़े जाने से गांव में राहत का माहौल है, जबकि यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

