खुर्शीद खान
सुलतानपुर।धम्मौर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों से करीब 7 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के उच्चाधिकारियों से अच्छी पकड़ होने का झांसा देकर यह ठगी की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर धम्मौर पुलिस ने पंजाब की एक महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित प्रमोद शर्मा (निवासी विकना, थाना-धम्मौर) पूर्व में पंजाब में नौकरी करते थे। वहीं उनकी मुलाकात पनिका मेहरा पत्नी समीर सोट्टा (निवासी जालंधर करतारपुर, पंजाब) से हुई थी।
पनिका मेहरा ने प्रमोद शर्मा को बताया कि उसकी उत्तर प्रदेश के उच्चाधिकारियों से अच्छी पकड़ है और वह उन्हें यूपी में नौकरी दिला सकती है। इसके लिए कुछ पैसे खर्च करने होंगे। महिला की बातों में आकर प्रमोद शर्मा ने अपने और अपने मित्र राम चन्द्र मौर्या (निवासी सैफुल्लागंज, थाना-गोसाईगंज) के लिए कुल 7 लाख रुपये उसे दे दिए।
काफी समय बीतने के बाद भी जब पनिका मेहरा दोनों दोस्तों को नौकरी नहीं दिला सकी, तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित प्रमोद शर्मा ने सुलतानपुर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई के बाद आरोपी महिला का बैंक खाता सीज कर दिया गया था।
पीड़ित ने बताया कि खाता होल्ड होने के बावजूद आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई और न ही उनके पैसे वापस मिले। बाद में उन्हें पता चला कि आरोपी महिला का खाता दोबारा खुलवा दिया गया है। पीड़ित का आरोप है कि जब भी वे अपने पैसे वापस मांगने के लिए महिला के मोबाइल नंबरों पर फोन करते हैं, तो उन्हें गाली-गलौज की जाती है। पीड़ित पिछले दो वर्षों से न्याय के लिए भटक रहे थे।
पीड़ित द्वारा दिए गए शिकायती पत्र का संज्ञान लेते हुए, पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अब मुकदमा पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

