![]() |
| AI GENERATED PHOTO |
खुर्शीद खान
सुलतानपुर।दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को ससुराल वालों ने कथित तौर पर बेरहमी से पीटा और घायल अवस्था में सड़क पर फेंक दिया। पीड़िता सोमिना बानो ने अपने ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ बंधुआकला थाने में मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, बीते 31 मई को ससुराल पक्ष के लोगों ने उस पर अपने मायके से 5 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। यह राशि उसके पति मो. अख्तर के व्यवसाय के लिए मांगी जा रही थी। जब सोमिना बानो ने इस मांग का विरोध किया, तो ससुरालियों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और बेरहमी से उसकी पिटाई की।
अत्याचार की हद पार करते हुए, आरोपियों ने 31 मई की रात करीब 9 बजे पीड़िता को गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसके मायके रहमत नगर (थाना बंधुआ कला) के पास लाकर सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए। इस बर्बरता के कारण पीड़िता को शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
सोमिना बानो का निकाह 24 मई 2011 को मो. अख्तर से हुआ था। उनका मायका मूल रूप से प्रतापगढ़ के आजाद नगर में है। पीड़िता के माता-पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज मिलने की बात को लेकर नाखुश थे। इस दंपति के तीन बच्चे हैं - हम्जा (14 वर्ष), तसबिया बानो (12 वर्ष) और महक (6 वर्ष)।
प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने इससे पहले 2023 में प्रतापगढ़ के कोतवाली नगर में भी एक मामला दर्ज कराया था। पुलिस के हस्तक्षेप और समझाने-बुझाने के बाद पीड़िता को दोबारा ससुराल में रहने के लिए कहा गया था। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बाद भी ससुराल वालों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया और वे लगातार उसे प्रताड़ित करते रहे।
सोमिना बानो ने अपनी तहरीर में पति मो. अख्तर, जेठानी शमा परवीन व शकीला, जेठ मो. अकबर व अनवर, देवर अरशद, देवरानी रूबीना बानो और ननद अनीशा के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया है।

