पं श्याम त्रिपाठी
गोंडा। जनपद के ताइक्वांडो खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देते हुए मंगलवार को मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने वर्ष 2025-26 में ताइक्वांडो महासंघ कोरिया से ब्लैक बेल्ट की उपाधि प्राप्त 30 खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मंडलायुक्त ने अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट प्रमाण पत्र, आईडी कार्ड, पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह में मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को खेलों से जुड़ने और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेलों में सक्रिय भागीदारी से बेटियां आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकती हैं।
मंडलायुक्त ने गोंडा ताइक्वांडो एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप जनपद के खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से उनके लक्ष्य और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली।
एसोसिएशन के सचिव डॉ. प्रत्यूष राज ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों एवं संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि लगातार प्रशिक्षण और मेहनत के बल पर गोंडा के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
ब्लैक बेल्ट प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में अर्णव सोनी, अथर्व राज सोनी, नैतिक तिवारी, प्रांजल पांडेय, अंकुर आर्या, मोबीन, पुष्कर शुक्ला, कुशाग्र शर्मा, निर्भय शेखर तिवारी, राम मिश्रा, अरहम मंजूर, शौर्य गुप्ता, प्रणय प्रजापति, शिवांश मिश्रा, प्रमुदित राजपाल, सौम्य सिंह राणा, अभ्युदय सिंह, संभव प्रकाश, आशीष आर्या, अनमोल शुक्ला, नवनीत सिंह तथा बालिका वर्ग में अक्षिता सिंह, ज्योति चौधरी, आराध्या गुप्ता, वैभवी सिंह, नैना उपाध्याय, अनुष्का गुप्ता, कृषा श्रीवास्तव, अनन्या सिंह, मान्या गुप्ता, स्नेह मिश्रा एवं श्रद्धा गुप्ता शामिल रहीं।
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करने वाले प्रशिक्षक देवेंद्र शर्मा एवं संदीप चौहान को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर आयुक्त मीनू राणा, राजेश कुमार यादव तथा संयुक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


