कमलेश
खमरिया-खीरी। ईसानगर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम लालजीपुरवा रायपुर में रविवार सायं को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खेत में अपने पिता के साथ मौजूद सात वर्षीय मासूम शुभम पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बालक को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर जा रहे थे कि रास्ते मे ही उसकी सांसे थम गई। जिससे भड़के ग्रामीणों ने ईसानगर खमरिया मार्ग को जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार शुभम (7) सायं को अपने पिता के साथ खेत पर गया था। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया, घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भाग निकला, जबकि गंभीर रूप से घायल शुभम को आनन-फानन में उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सीएचसी खमरिया ले जाते वक्त उसकी सांसे थम गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह आक्रोशित होकर ईसानगर खमरिया मार्ग पर जाम लगाकर वन विभाग के किसी बड़े अफसर को बुलाने पर अडिग हो गये। जिनको खबर लिखे जाने तक मनाने के लिए क्षेत्रीय विधायक के साथ पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुच गये थे। वही दूसरी ओर लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से तेंदुओं की मौजूदगी की सूचना मिल रही थी,आये दिन तेंदुआ बच्चों के साथ बड़ो पर हमला कर उन्हें मौत की नींद सुला रहे है। लेकिन आजतक वन विभाग द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

