डिग्री कालेज में रिजल्ट लेने गई थी,मोबाइल पर्स गायब
एकलब्य पाठक
ईसानगर खीरी:जनपद के थाना ईसानगर क्षेत्र में मंगलवार को एक 23 वर्षीय विवाहिता सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे,जहां पुलिस ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार फूलपुर गांव निवासी नीलम (23) पुत्री शिवरतन सोमवार को घर से रसूलपुर में स्थित चौधरी बेचेलाल डिग्री कालेज में अपना रिजल्ट लेने के लिए निकली थी पर सायं तक वापस घर नही पहुची, जिसकी तलाश घर वाले कर ही रहे थे कि इसी दौरान मंगलवार को वह भरेटा के पास सड़क किनारे खेत मे घायल अवस्था में पड़ी मिली। जिसके शरीर पर गले और हाथों पर गंभीर चोटों के निशान भी पाए गए। परिजन घायल नीलम को लेकर सबसे पहले ईसानगर थाने पहुंचे। जहां थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह ने उसका बयान लेने का प्रयास किया, लेकिन उसकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल इलाज के लिए भेज दिया गया। इसके बाद परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ओयल रेफर कर दिया। वहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि नीलम की शादी करीब दो वर्ष पूर्व सिसैया क्षेत्र के निकट गोसाईंपुरवा गांव में हुई थी, लेकिन किसी कारणवश वह अपने मायके फूलपुर में ही रह रही थी। फिलहाल कुछ भी हो पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वही इस बाबत थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

