अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के इंडो नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल नवीं वाहिनी मुख्यालय पर रविवार को विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर शपथ समारोह का आयोजन किया गया।
14 जून 2026 को विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष में 09वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बलरामपुर के वाहिनी मुख्यालय परिसर में मनोरंजन कुमार पाण्डेय, कमांडेंट 09वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बलरामपुर के कुशल निर्देशन में रक्तदान जागरूकता एवं शपथ समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कमांडेंट ने 09वीं एवं 50 वीं वाहिनी के उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों को रक्तदान के महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है, जिससे जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने सभी कार्मिकों को नियमित रूप से स्वेच्छा से रक्तदान करने हेतु प्रेरित किया । साथ ही समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान दोनों वाहिनीयों के उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों को मानव सेवा एवं जनकल्याण की भावना के साथ स्वैच्छिक रक्तदान करने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ना रहा। उन्होंने कहा कि 09वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा भविष्य में भी सामाजिक सरोकार एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।